कप्तानगंज में प्रगतिशील किसान ने तैयार किया यह नया कृषि यंत्र
बस्ती। जिले के प्रगतिशील किसान आज्ञाराम एक बार फिर अभिनव प्रयोग कर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने एक ऐसा रोटावेटर तैयार किया है जिससे एक साथ पांच तरह के कृषि कार्य आसानी से किए जा सकते हैं। इनका यह कृषि संयंत्र किसानों में आकर्षण का केंद्र बन गया है।
बता दें कप्तानगंज विकास क्षेत्र के खरका देवरी गांव निवासी आज्ञाराम चौधरी की पहचान प्रगतिशील किसान के तौर पर होती है। बढ़ती महंगाई में खेती के लिए भी विभिन्न तरह के संयंत्र खरीदने में किसानों की कमर टूट जाती है। इससे छुटकारा दिलाने के लिए इन्होंने कृषि के लिए बहुपयोगी रोटावेटर का नया आविष्कार कर डाला। अभी तक रोटावेटर से केवल जोताई की जा सकती थी। लेकिन आज्ञाराम के बनाए रोटावेटर से रेजर, सीड ड्रिल, फर्टी ड्रिल लगाकर खेत की जोताई करने के साथ गन्ने की बोआई के लिए नाली बनाना और उर्वरक डालने का भी काम आसानी से हो सकता है। इस संयंत्र की मदद से सभी प्रकार की फसलों की बोआई हो सकती है। गन्ने के साथ चना, सरसों, मटर जैसी सहफसली खेती भी की जा सकती है। अलग-अलग यंत्र खरीदने की अपेक्षा इस संयंत्र को तैयार करने में खर्च भी कम है। यह बहुआयामी रोटावेटर डेढ़ लाख रुपये में तैयार हो जाता है। रखरखाव में भी कोई दिक्कत नहीं है।
कृषि क्षेत्र अलग पहचान रखते हैं आज्ञाराम
कृषि क्षेत्र में नए प्रयोगों के लिए आज्ञाराम बस्ती में अपनी अलग पहचान रखते हैं। प्रधानमंत्री, कृषि मंत्री, मुख्यमंत्री व कृषि विभाग से सम्मानित हो चुके आज्ञाराम का यह संयंत्र एक बार फिर चर्चा में है। इन्होंने गन्ना, सरसों, गेहूं के बीज एआर 64 व कंबाइन हार्वेस्टर का निर्माण भी किया है। आज्ञाराम कहते हैं कि इस रोटावेटर के निर्माण से एक लाख की बचत है। अलग-अलग उपकरण खरीदने में दो से ढाई लाख रुपये लग जाते हैं।
About The Author
बस्ती। जिले के प्रगतिशील किसान आज्ञाराम एक बार फिर अभिनव प्रयोग कर चर्चा में आ…