गायघाट क्षेत्र में पर्ची के अभाव में सूख रहा है गन्ना, चार क्रय केंद्रों पर पसरा हुआ है सन्नाटा किसान परेशान
गन्ना तौल केंद्र को पूर्ववत बनाए रखने हेतु सैकड़ों की संख्या में डीसीओ से मिले किसान मिली मायूसी
कलवारी, बस्ती। चीनी मिल के पेराई सत्र शुरू होते ही हमेशा चहल-पहल रहने वाले गन्ना क्रय केंद्र पाऊं, तुरकौलिया, गायघाट व जनवल में इंडेंट ना निकलने के कारण गुरुवार को गन्ना तौल बन्द हो जाने से शुक्रवार को पूरे दिन गन्ना क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं छोटे किसान जो गन्ना बेंचकर खाली हुए खेत में गेहूं की बुवाई करते हैं। गन्ना क्रय केंद्र बन्द हो जाने से बेहद चिंतित दिखे।
शासन के आदेश पर एक सप्ताह पूर्व बलरामपुर चीनी मिल समूह के अकबरपुर चीनी मिल द्वारा विकास खण्ड कुदरहा क्षेत्र के पाऊं, जनवल, गायघाट व तुरकौलिया गन्ना क्रय केंद्र को बंद कर उसके स्थान पर मुंडेरवा चीनी मिल का क्रय केंद्र स्थापित का आदेश निर्गत हुआ था। अकबरपुर चीनी मिल द्वारा मिल रही सहूलियत और ससमय भुगतान से प्रभावित किसानों ने प्रशासन के आदेश का विरोध करते हुए अपना गन्ना मुंडेरवा चीनी मिल को देने से इनकार कर दिया और लगातार चारों क्रय केंद्रों को अकबरपुर चीनी मिल में यथा स्थान बनाये रखने हेतु शासन प्रशासन से गुहार लगाते रहे। अकबरपुर चीनी मिल द्वारा निकाले गए इंडेंट की पर्ची गुरुवार की शाम गन्ना तौल होने के बाद चारों क्रय केंद्रों पर समाप्त हो गई। जिसके बाद गन्ना बन्द हो गया।
क्षेत्र के ऐसे छोटे किसान जो गन्ना बेचने के बाद खाली हुए खेत में गेहूं की बुवाई करते हैं उनके चेहरे पर चिंता की लकीरें दिखने लगी। इधर करीब एक सप्ताह से मुंडेरवा चीनी मिल के कर्मचारी लगातार गायघाट क्षेत्र में क्रय केंद्र स्थापित करने हेतु जमीन की तलाश कर रहे हैं किंतु किसानों ने जमीन देने से स्पष्ट इंकार कर दिया। किसानों के विरोध के चलते मुण्डेरवा चीनी मिल के कर्मचारियों को अभी तक क्रय केंद्र स्थापित करने हेतु जमीन नहीं मिल सकी है। फलस्वरूप पहले से स्थापित गन्ना क्रय केंद्र वीरान पड़ा हुआ है।
क्षेत्र के किसान भगवती शुक्ला, राजेन्द्र चौधरी, सलाउद्दीन, कमालुद्दीन, मोहम्मद सुलेमान, मनोज कुमार, अरविंद नायक, प्रमेन्द्र पासवान, रमेश चंद्र, जगराम चौधरी, राधेश्याम यादव, पवन कुमार, ओमप्रकाश चौधरी सहित अन्य किसानों का कहना है कि खेत में छीला हुआ गन्ना सूख रहा है। और गांव से लेकर शहर तक विभागीय अधिकारियों से फरियाद करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। किसान सलाउद्दीन ने बताया कि किसानों का प्रतिनिधि मण्डल जिलाधिकारी महोदय से मिलने लगातार तीन दिन गया। मुलाकात नहीं होने के कारण कुदरहा विकास क्षेत्र के चारों क्रय केंद्रों को अकबरपुर चीनी मिल में ही रहने दिये जाने सम्बन्धी प्रार्थना पत्र तीन दिन पहले उप जिलाधिकारी बस्ती सदर को सौंपा गया था किन्तु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शुक्रवार को पाऊं निवासी किसान भगवती प्रसाद शुक्ला की अगुवाई में करीब सौ की संख्या में क्षेत्र के किसान डी सी ओ रंजीत कुमार निराला से मिले। और पूर्ववत स्थिति बनाए रखने का लिखित अनुरोध किया। जिसे डी सी ओ रंजीत कुमार निराला ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि अलाटमेंट शासन स्तर से किया गया है। हम इसमें कोई फेरबदल नहीं कर सकते हैं।
समाजसेवी कौशल कुमार पाण्डेय ने दिये ज्ञापन में मांग किया है कि यदि अकबरपुर चीनी मिल से संबद्धता बनाये रखते हुए किसानों के पक्ष में फैसला नहीं हुआ तो शनिवार को जन आन्दोलन किया जायेगा।
इस सम्बन्ध में अकबरपुर चीनी मिल के केन मैनेजर रमेश चन्द्र पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार चार क्रय केंद्र का अलाटमेंट मुण्डेरवा चीनी मिल को कर दिया गया है। अकबरपुर चीनी मिल द्वारा जारी टिकट पर गन्ना तौल कराया जा चुका है। यदि शासन द्वारा पुनः गन्ना तौल कराने हेतु अलाटमेंट मिलता है तो हम तुरंत तौल शुरू करा देंगे।
About The Author
गन्ना तौल केंद्र को पूर्ववत बनाए रखने हेतु सैकड़ों की संख्या में डीसीओ से मिले…