Basti News Today || अज्ञात कारणों से लगी आग, 4 गांव की करीब सौ बीघा खड़ी फसल जलकर राख
बहादुरपुर के रोझिया, सोंधिया, कंजौरा व गलवा में लगी आग
बहादुरपुर, बस्ती। विकास क्षेत्र बहादुरपुर के रोझिया गांव के दक्षिण सिवान से अज्ञात कारणों से लगी आग में 4 गांव के किसानों की करीब 100 बीघा गेहूं की खाड़ी फसल जलकर राख हो गई। फायर बिग्रेड के पहुंचने से पहले ही सब कुछ जलकर राख हो गया।
शनिवार की दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे विकास क्षेत्र बहदुरपुर के रोझिया गांव के दक्षिण सिवान से अज्ञात कारणों से आग की लपटें उठने लगी। आसपास गांव के लोग जब तक कुछ समझ पाते तेज हवा होने के कारण आग ने बिकराल रूप ले लिया। और देखते ही देखते नगर थाना क्षेत्र के रोझिया से सोंधिया गांव के उत्तर सिवान से होते हुए कंजौरा से लालगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गलवा गांव के सिवान तक आग फैल गई। कई गांव में एक साथ अचानक आग की लपटें देख हर कोई सहम गया। गांव के लोगों ने आग की सूचना फायर विग्रेड को दी किन्तु नगर थाने में कोई अग्नि शमन टीम न होने के कारण हर्रैया तहसील से करीब दो घंटे बाद फायर विग्रेड की टीम पहुंची किन्तु तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया था।
स्थानीय लोगों की माने तो रोझिया गांव में 20 बीघा, सोंधिया 20, कंजौरा में 40 बीघा व सेमरा गलवा में करीब 20 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। खेत मे आग बुझाते हुए किसान संदीप यादव, रामबेलस, ओमकार मिश्र, अशोक मिश्र, अरुण मिश्र, अर्जुन मिश्र, आदित्य मिश्र, गंगा सिंह, प्रेम सिंह, पतिराम, रामनिवास, सावित्री व राजेन्द्र आदि ने कहा कि आग के कहर से गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई है। अगर समय रहते फायर बिग्रेड की टीम पहुंच गई होती तो कई गांव के किसानों का इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। आग की सूचना के बाद भी किसी प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने किसानों की सुधि लेना भी मुनासिब नहीं समझा।